बिलासपुर शहर “बारूद कारोबार” के बीच कितनी सुरक्षित ! अस्थायी लाइसेंस के लिए करीब 300 आवेदन, लेकिन दशकों पुराने स्थायी लाइसेंसों की जमीनी जांच पर बड़ा सवाल ! शहर बढ़ गया, आबादी बढ़ गई, बदली भौगोलिक परिस्थितिया,फिर भी 40-50 साल पुराने लाइसेंसों पर उसी जगह कारोबार !
बिलासपुर शहर “बारूद कारोबार” के बीच कितनी सुरक्षित !
अस्थायी लाइसेंस के लिए करीब 300 आवेदन, लेकिन दशकों पुराने स्थायी लाइसेंसों की जमीनी जांच पर बड़ा सवाल !
शहर बढ़ गया, आबादी बढ़ गई, बदली भौगोलिक परिस्थितिया,फिर भी 40-50 साल पुराने लाइसेंसों पर उसी जगह कारोबार !
न्यूज़ छत्तीसगढ़ टुडे (संतोष साहू )
बिलासपुर- दीपावली का पर्व नजदीक आते ही बिलासपुर में पटाखों का कारोबार जोर पकड़ने लगा है। प्रशासन ने अस्थायी पटाखा दुकानों के लाइसेंस के लिए आवेदन बुलाए हैं। बताया जा रहा है कि अब तक करीब 300 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदनों की जांच के लिए आम बैठक आयोजित की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया में आवेदन के साथ नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, ग्राम पंचायत से एन. ओ. सी एवं शपथ पत्र, पुलिस सत्यापन और 600 रुपये का चालान शुल्क जमा कराया जा रहा है।
शहर के भीतर लगने वाली अस्थायी पटाखा दुकानों के लाइसेंस का नवीनीकरण एडीएम कार्यालय बिलासपुर से किया जाना है, जबकि शहर के आसपास के क्षेत्रों में लगने वाली दुकानों के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी के स्तर पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
लेकिन अस्थायी दुकानों के लाइसेंस की इस पूरी प्रक्रिया के बीच एक बड़ा सवाल उन स्थायी विस्फोटक लाइसेंसधारकों को लेकर खड़ा हो रहा है, जिनके लाइसेंस कई दशक पुराने बताए जा रहे हैं।
बिलासपुर शहर कि भौतिक स्थिति बदल गई, पर 50 साल पुराने लाइसेंस मे जारी पटाखा गोदाम
जिला कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर में कुछ स्थायी पटाखा/विस्फोटक लाइसेंस करीब 50 वर्ष पुराने बताए जाते हैं। जिस समय इन लाइसेंसों को जारी किया गया था, उस समय संबंधित स्थानों की आबादी, निर्माण और आसपास का भू-उपयोग आज की तुलना में बिल्कुल अलग रहा. गौरतलब है कि कुछ वर्षों के दौरान बिलासपुर शहर का तेजी से विस्तार हुआ। खाली जमीनों पर मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खड़े हो गए। कई इलाकों में घनी आबादी बस गई। साथ ही पक्की सड़कें, बाजार और अन्य संवेदनशील संस्थान भी विकसित हुए।
विकसित बिलासपुर के बावजूद पुराने समय में तत्कालीन शर्तों के अनुरूप जारी किए गए लाइसेंस आज भी उन्हीं स्थानों पर प्रभावी हैं, तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वर्तमान परिस्थितियों में उन फटाका गोदाम वाले स्थानों का दोबारा मूल्यांकन किया गया है कि आसपास में निवास करने वाले व्यक्तियों का जीवन कितना सुरक्षित है
स्थायी लाइसेंसधारकों के प्रतिष्ठानों का मौका निरीक्षण हुआ या नहीं?
जानकारी के अनुसार शहर में स्थायी लाइसेंसधारी बड़े पटाखा कारोबारियों द्वारा बड़े पैमाने पर थोक कारोबार किया जाता है। सवाल यह है कि इन प्रतिष्ठानों में रखे जाने वाले विस्फोटक स्टॉक, भंडारण की क्षमता, आसपास की वर्तमान आबादी और सुरक्षा व्यवस्था का नियमित अथवा समय-समय पर भौतिक निरीक्षण आखिर किस स्तर पर किया जाता है?
यदि निरीक्षण होता है तो रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं है?
इस संवेदनशील मुद्दे पर प्रमुख सवाल यह है कि यदि निरीक्षण नहीं होता, तो इतने संवेदनशील कारोबार को केवल पुराने लाइसेंस के आधार पर संचालित करने की अनुमति किस सुरक्षा मूल्यांकन के आधार पर दी जा रही है.
अस्थायी दुकानदारों पर नियम, स्थायी कारोबार पर निगरानी कितनी?
एक ओर अस्थायी पटाखा दुकान लगाने वाले आवेदकों से शपथ पत्र, पुलिस सत्यापन और शुल्क जैसी औपचारिकताएं पूरी कराई जा रही हैं। दूसरी ओर दशकों पुराने स्थायी लाइसेंसों के मामले में वर्तमान स्थल की वास्तविक स्थिति, आसपास की आबादी और भंडारण व्यवस्था की जांच कितनी प्रभावी ढंग से हो रही है, यह स्पष्ट नहीं है।
सवाल यह भी है कि क्या स्थायी लाइसेंस का मतलब यह मान लिया गया है कि लाइसेंस जारी होने के बाद स्थल की परिस्थितियां बदलने पर भी उसकी सुरक्षा समीक्षा जरूरी नहीं होती है
पुलिस सत्यापन भी बन रहा सवाल
अस्थायी लाइसेंस के लिए पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया भी सवालों के घेरे में बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार कई मामलों में थानों से भेजे जाने वाले सत्यापन में मुख्य रूप से यही उल्लेख किया जाता है कि आवेदक के विरुद्ध कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है। लेकिन क्या केवल आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना ही पटाखा व्यवसाय के लिए पर्याप्त पुलिस सत्यापन है
क्या पुलिस यह भी जांच करती है कि ?
– आवेदक पटाखों का कारोबार किस स्थान से करेगा.
– वहां सुरक्षा की स्थिति क्या है?
– प्रस्तावित दुकान या भंडारण स्थल के आसपास कितनी आबादी है?
– पटाखों का भंडारण कहां और कितनी मात्रा में होगा?
– आवेदक द्वारा घोषित परिसर का वास्तविक उपयोग क्या है?
यदि इन बिंदुओं की जांच नहीं होती, तो पुलिस सत्यापन केवल अपराध रिकॉर्ड की जांच तक सीमित औपचारिकता बनकर रह जाने का सवाल पैदा करता है।
नगर निगम की भूमिका भी महत्वपूर्ण
पटाखा दुकानों के लिए स्थान, बाजार व्यवस्था और स्थानीय स्तर की व्यवस्थाओं में नगर निगम की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे में यह भी देखना होगा कि नगर निगम द्वारा पटाखा बाजारों के लिए चयनित स्थानों की सुरक्षा, आवागमन, अग्निशमन व्यवस्था और आसपास की आबादी का कितना ध्यान रखा जाता है।
हर वर्ष पटाखा बाजार लगते हैं, लेकिन इन बाजारों में रखे जाने वाले पटाखों के कुल स्टॉक का वास्तविक सत्यापन कौन करता है?
क्या दुकानदार द्वारा घोषित स्टॉक और वास्तविक स्टॉक का मिलान किया जाता है?
प्रतिबंधित पटाखों की जांच क्या पर्यावरण विभाग करेगा ?
प्रत्येक वर्ष पटाखा बाजार लगते हैं, लेकिन इन बाजारों में रखे जाने वाले पटाखों के कुल स्टॉक का वास्तविक सत्यापन कौन करता है शायद जवाब मिलेगा नहीं. तो ऐसी स्थिति में क्या दुकानदार द्वारा घोषित स्टॉक और वास्तविक स्टॉक का मिलान करने का जिम्मा किस अधिकारी का होगा
एक और गंभीर प्रश्न पर्यावरणीय मानकों से जुड़ा है। बाजार में बिकने वाले पटाखों में प्रतिबंधित अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत पटाखों की जांच की जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर आती है।
प्रशासन से सीधे सवाल
1. बिलासपुर में वर्तमान में कितने स्थायी पटाखा/विस्फोटक लाइसेंस सक्रिय हैं?
2. इनमें कितने लाइसेंस 20, 30, 40 या 50 वर्ष पुराने हैं?
3. पुराने लाइसेंसधारकों के वर्तमान परिसर का अंतिम भौतिक निरीक्षण कब हुआ?
4. क्या पुराने लाइसेंस जारी होने के समय की भौगोलिक स्थिति और वर्तमान आबादी की स्थिति का तुलनात्मक सुरक्षा मूल्यांकन किया गया?
5. स्थायी लाइसेंसधारकों के पास निर्धारित सीमा से अधिक पटाखा स्टॉक तो नहीं है, इसकी जांच कौन करता है?
6. अस्थायी लाइसेंस के लिए पुलिस सत्यापन में केवल आपराधिक रिकॉर्ड देखा जाता है या व्यवसाय और भंडारण स्थल की भी जांच होती है?
7. पटाखा बाजार में प्रतिबंधित पटाखों की जांच के लिए कितनी टीमों का गठन किया गया है?
8. बिक्री समाप्त होने के बाद बचे पटाखों के स्टॉक और उनके भंडारण स्थल का सत्यापन कौन करता है?