दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय के प्रबंध मंडल सदस्य बने लोकेशधर दीवान!
बिलासपुर – बेलतरा विधानसभा क्षेत्र निवासी एवं प्रदेश में सक्रिय भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान नेता एवं सामाजिक कार्यों में सतत सक्रिय लोकेशधर दीवान को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा दाऊ श्री वासुदेव चंद्राकर कामधेनु विश्वविद्यालय, अंजोरा (दुर्ग) के प्रबंध मंडल का सदस्य मनोनीत किया गया है। इस मनोनयन की घोषणा होते ही बिलासपुर सहित बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह व हर्ष का माहौल देखा जा रहा है। समर्थकों ने आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया तथा इसे एक कर्मठ एवं जमीनी कार्यकर्ता का सच्चा सम्मान बताया।
दीर्घ संगठनात्मक अनुभव और वैचारिक निष्ठा
श्रीमती सीता दीवान एवं श्री हिमांचल धर दीवान के सुपुत्र लोकेशधर दीवान विधि स्नातक (B.A., LL.B.) हैं और वकालत के साथ-साथ कृषि कार्य से भी जुड़े हुए हैं। वे ग्राम देवरी (मस्तूरी) के मूल निवासी हैं और वर्तमान में नया सरकंडा, बिलासपुर में निवासरत हैं। बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े दीवान संघ के तृतीय वर्ष प्रशिक्षित स्वयंसेवक हैं और वर्तमान में आरएसएस के बिलासपुर मुख्य मार्ग जिला प्रमुख का दायित्व संभाल रहे हैं।
इसके पूर्व वे धर्म जागरण की युवा विंग ‘धर्म सेना’ में जिला सहसंयोजक (2005) व जिला संयोजक (2007) भी रहे हैं राजनीतिक क्षेत्र में वर्ष 1990 से भाजपा से जुड़े लोकेशधर दीवान ने बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वे वर्ष 2002 में सीपत विधानसभा के कमल वाहिनी बूथ संयोजक, 2005 से 2009 तक भाजयुमो जिला कार्यकारिणी सदस्य, 2010 से 2016 तक सीपत मंडल के भाजयुमो अध्यक्ष तथा 2016 से 2019 तक भाजयुमो के जिला महामंत्री रहे हैं। वर्ष 2021 से वे भाजपा सूचना का अधिकार (RTI) प्रकोष्ठ के जिला संयोजक के दायित्व पर हैं तथा बेलतरा शहर मंडल में कार्यसमिति सदस्य के रूप में सक्रिय हैं। इसके अलावा वे वर्ष 2005-06 में कृषि उपज मंडी जयरामनगर से निर्वाचित कृषक सदस्य (मंडी डायरेक्टर) भी रह चुके हैं, जिससे उन्हें कृषकों व पशुपालकों की समस्याओं का गहरा जमीनी अनुभव है।