जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस में ‘आवहन 2025’ का सफल आयोजन, 31 जनवरी को होगा भव्य समापन
बिलासपुर – जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस द्वारा आयोजित वार्षिक खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव ‘आवहन 2025’ का आयोजन पूरे सप्ताह अत्यंत उत्साह, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ किया गया। महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
पूरे सप्ताह चले इस खेल महोत्सव के दौरान क्रिकेट, कैरम, शतरंज, बैडमिंटन सहित कई इनडोर एवं आउटडोर खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा के साथ-साथ अनुशासन, टीम वर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। महोत्सव के दौरान संपूर्ण परिसर में उत्सवपूर्ण वातावरण बना रहा।
आवहन दो हज़ार पच्चीस का उद्देश्य विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना रहा। खेल गतिविधियों के माध्यम से छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा आपसी सहयोग की भावना को मजबूती मिली।
समापन समारोह एवं वार्षिक उत्सव इकतीस जनवरी को
आयोजन समिति के अनुसार इकतीस जनवरी दो हज़ार छब्बीस को आवहन दो हज़ार पच्चीस का भव्य समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री धर्म लाल कौशिक जी (विधायक, बिल्हा) तथा श्री जी सुशांत शुक्ला जी (विधायक, बेलतरा) की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इसी दिन जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस का वार्षिक समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, पुरस्कार वितरण एवं विविध कार्यक्रम सम्मिलित होंगे।
इस अवसर पर जेके ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन श्री के. खान, सेक्रेटरी डॉ. आई. ए. खान एवं डायरेक्टर डॉ. आशीष सिंह ने आवहन दो हज़ार पच्चीस के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजन से जुड़े सभी शिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों की सराहना की |