मिलावटखोरी पर खाद्य विभाग का शिकंजा, चार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण
मिलावटखोरी पर खाद्य विभाग का शिकंजा, चार प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण

बिलासपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में 30 अक्टूबर 2026 को अभिहित अधिकारी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान चार प्रतिष्ठानों की जांच की गई और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की पुष्टि के लिए अलग-अलग नमूने एकत्र किए गए।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान टीम ने जरहाभाठा स्थित बंगाल स्वीट्स में जांच की। यहां से बेसन लड्डू और बूंदी लड्डू के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए संकलित किए गए। वहीं, साई सुपर मार्केट में निरीक्षण के दौरान खुले रूप में बिक्री के लिए रखी गई लूज शक्कर और इंस्टेंट मिक्स गुलाब जामुन के नमूने भी लिए गए।
विभागीय टीम ने अभियान के तहत कुल चार अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत खाद्य कारोबारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर जांच की गई।
विभाग द्वारा एकत्र किए गए सभी खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना संकलन का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

